Public Khabar

दिल्ली के गाजीपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, फुटपाथ पर सो रहे बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

गाजीपुर में बेकाबू स्कॉर्पियो पलटकर फुटपाथ पर गिरी, पश्चिम बंगाल के बुजुर्ग की मौके पर मौत

दिल्ली के गाजीपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, फुटपाथ पर सो रहे बुजुर्ग की दर्दनाक मौत
X

दिल्ली के गाजीपुर इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई। यह हादसा सुबह करीब छह बजे उस वक्त हुआ, जब मयूर विहार की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन पहले सड़क के डिवाइडर से टकराया और फिर पलटते हुए सड़क के बाईं ओर बने फुटपाथ पर जा गिरा। उसी समय फुटपाथ पर कुछ लोग गाजीपुर मंडी से काम खत्म कर पैदल लौट रहे थे।


हादसे के दौरान स्कॉर्पियो सीधे एक बुजुर्ग व्यक्ति के ऊपर जा गिरी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पैक कोरम अली के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले का रहने वाला था और लंबे समय से गाजीपुर फूल मंडी में काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी सांसें थम गईं।


जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय स्कॉर्पियो में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन युवतियां और दो युवक शामिल थे। सभी की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन सवार नशे की हालत में थे और गाड़ी बेहद तेज गति से चलाई जा रही थी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने ड्राइवर को पकड़ लिया, जो उस वक्त भी नशे में बताया जा रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। हादसे में शामिल स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है, जबकि ड्राइवर के अलावा वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और मामले में लापरवाही से वाहन चलाने व मौत का कारण बनने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर राजधानी में तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

Tags:
Next Story
Share it