जबलपुर के सिहोरा आजाद चौक में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ के बाद तनाव, पथराव से बिगड़े हालात, पुलिस तैनात
सिहोरा के आजाद चौक में दुर्गा मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की खबर से तनाव, प्रशासन ने संभाला मोर्चा

मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील के वार्ड क्रमांक 5 स्थित आजाद चौक क्षेत्र में गुरुवार रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब दुर्गा मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की सूचना सामने आई। घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आरोप-प्रत्यारोप के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते स्थिति पथराव तक पहुंच गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल को तत्काल सिहोरा रवाना किया गया। सिहोरा थाना पुलिस के साथ-साथ आसपास के थानों से अतिरिक्त बल भी मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में करने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और इलाके में सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया। एहतियातन आजाद चौक और उसके आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की लगातार गश्त कराई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आजाद चौक क्षेत्र पहले से ही अतिसंवेदनशील माना जाता रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय दुर्गा मंदिर में आरती और पास स्थित मस्जिद में नमाज लगभग एक ही समय पर चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में एक युवक के साथ मारपीट और मंदिर की ग्रिल को नुकसान पहुंचाए जाने तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव की स्थिति बन गई, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है। साथ ही आम नागरिकों से शांति, संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।
