लखनऊ के आशियाना में सनसनीखेज हत्याकांड: लापता पैथोलॉजी संचालक का शव घर में ड्रम से बरामद, बेटे ने की हत्या
पढ़ाई और करियर को लेकर पिता-पुत्र विवाद बना हत्या की वजह, 21 वर्षीय बेटे ने वारदात कबूली

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। कई दिनों से लापता एक पैथोलॉजी संचालक का शव उनके ही घर के अंदर एक ड्रम से बरामद किया गया। पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उनके मुताबिक इस जघन्य अपराध को मृतक के 21 वर्षीय बेटे ने अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए आरोपी ने उसे टुकड़ों में काटकर अलग-अलग जगह ठिकाने लगाने की कोशिश की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान 49 वर्षीय मानवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो दवा और शराब के कारोबार से जुड़े हुए थे। वे बीते शुक्रवार से लापता थे, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान जब पुलिस उनके घर पहुंची तो भीतर रखे एक नीले रंग के ड्रम से शव के अंग बरामद हुए। इसके बाद संदेह के आधार पर बेटे अक्षत प्रताप सिंह से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मानवेंद्र सिंह और उनके बेटे के बीच लंबे समय से पढ़ाई और भविष्य को लेकर तनाव चल रहा था। पिता चाहते थे कि बेटा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करे और मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाए, जबकि बेटा इस रास्ते से सहमत नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होते थे। पुलिस का कहना है कि पहले भी इसी तनाव के चलते आरोपी युवक घर छोड़कर चला गया था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते-देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि इसी झगड़े के दौरान बेटे ने पिता के ही हथियार से उन्हें गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर एक खाली कमरे में ले गया और पहचान छिपाने के इरादे से शव के कई टुकड़े कर दिए। इस दौरान उसकी बहन ने उसे देख लिया, लेकिन आरोपी ने उसे डराकर चुप करा दिया। पुलिस के अनुसार, बहन की मौजूदगी में ही उसने शव के हिस्सों को प्लास्टिक में लपेटा, कुछ अंगों को घर से बाहर ले जाकर नष्ट किया और कुछ को सदरुना इलाके के पास फेंक दिया। धड़ सहित बाकी हिस्सों को घर में रखे ड्रम में छिपा दिया गया।
आरोपी के बयान के बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो घर से साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस अन्य शव अंगों की बरामदगी के लिए भी तलाशी अभियान चला रही है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। आशियाना क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी विक्रांत वीर ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव के खतरनाक परिणामों की ओर ध्यान खींचा है।
