Public Khabar

मेरठ मेट्रो का शुभारंभ 22 फरवरी को, पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, दिल्ली से मेरठ का सफर होगा सिर्फ 55 मिनट

22 फरवरी को मेरठ मेट्रो की शुरुआत, रैपिड रेल से जुड़ेगा दिल्ली-एनसीआर

मेरठ मेट्रो का शुभारंभ 22 फरवरी को, पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, दिल्ली से मेरठ का सफर होगा सिर्फ 55 मिनट
X

उत्तर प्रदेश में शहरी परिवहन के क्षेत्र में एक और बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा और गाजियाबाद के बाद अब मेरठ में मेट्रो सेवा की औपचारिक शुरुआत होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ साउथ तक चलने वाली रैपिड रेल, जिसे ‘नमो भारत ट्रेन’ के नाम से जाना जाता है, को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी अवसर पर मेरठ में 23 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर का भी उद्घाटन किया जाएगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी।


मेरठ मेट्रो परियोजना की नींव वर्ष 2019 में रखी गई थी और अब करीब सात वर्षों में यह सपना साकार होने जा रहा है। पहले चरण में मेट्रो सेवा मोदीपुरम डिपो से मेरठ साउथ तक संचालित होगी, जिसके अंतर्गत कुल 13 स्टेशनों को जोड़ा गया है। यह मेट्रो ट्रेन अधिकतम 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेगी, जिससे शहर के भीतर यात्रा न केवल तेज बल्कि अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।


मेरठ मेट्रो के शुरू होने से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा का समय भी काफी कम हो जाएगा। रैपिड रेल के माध्यम से अब यह सफर घंटों की बजाय लगभग 55 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। एक मेट्रो ट्रेन में एक बार में करीब 700 यात्री सफर कर सकेंगे और हर स्टेशन पर लगभग 7 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।


मेरठ मेट्रो के 13 स्टेशनों में मोदीपुरम, मोदीपुरम डिपो, मेरठ उत्तर, डौरली, एमईएस कॉलोनी, बेगम पुल, भैसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दीनगर, रिठानी, परतापुर और मेरठ साउथ शामिल हैं। मेरठ साउथ स्टेशन को रैपिड रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है, जहां से यात्री सीधे दिल्ली या गाजियाबाद की ओर यात्रा कर सकेंगे। सभी स्टेशनों पर पेयजल, शौचालय और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।


परियोजना के दूसरे चरण में मेरठ मेट्रो के नेटवर्क को और विस्तार दिया जाएगा, जिसके तहत 13 किलोमीटर अतिरिक्त ट्रैक बिछाया जाएगा। मेट्रो स्टेशन एलिवेटेड, अंडरग्राउंड और ग्राउंड लेवल पर विकसित किए गए हैं, जिससे शहरी ढांचे के अनुरूप संतुलन बनाया जा सके।


मेरठ मेट्रो की संचालन समय-सारिणी भी तय कर दी गई है। सोमवार से शनिवार तक मेट्रो सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी, जबकि रविवार को सेवा सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेगी। मेरठ मेट्रो के संचालन से न केवल शहर की यातायात समस्या को राहत मिलेगी, बल्कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के साथ संपर्क और भी मजबूत होगा।

Tags:
Next Story
Share it