Public Khabar

नेपाल में भीषण सड़क हादसा: धादिंग में यात्री बस त्रिशूली नदी में गिरी, 18 की मौत

पोखरा से काठमांडू जा रही बस नदी में समाई, रात के अंधेरे में चला रेस्क्यू ऑपरेशन

नेपाल में भीषण सड़क हादसा: धादिंग में यात्री बस त्रिशूली नदी में गिरी, 18 की मौत
X

नेपाल के धादिंग जिला में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी। यात्रा के दौरान रात करीब 1:15 बजे बस धादिंग जिले के बेनिघाट रोरांक क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी किसी कारणवश चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और बस सीधे गहरी खाई में गिरते हुए नदी में समा गई। बताया जा रहा है कि बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे।


हादसे में जान गंवाने वालों में दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं—एक पुरुष और एक महिला। हालांकि, उनके देश की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। दुर्घटना में घायल हुए लगभग 25 यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई बताई जा रही है।


रात का समय और दुर्गम इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अंधेरे और तेज बहाव वाली नदी के चलते रेस्क्यू टीमों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबलों की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और घंटों की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला जा सका। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Tags:
Next Story
Share it