बस्ती में सिरफिरे युवक की सनसनीखेज वारदात: 12वीं की छात्रा की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या
बस्ती के कलवारी क्षेत्र में सनसनीखेज हत्या, घर में घुसकर 12वीं की छात्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बैडारी एहतमाली गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने आधी रात के बाद घर में घुसकर 12वीं कक्षा की छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात रात करीब एक बजे के आसपास हुई, जब परिवार के सदस्य घर के बरामदे में सो रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका अनुष्का अपने भाई अवनीश के साथ बरामदे में सोई हुई थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला आरोपी मंदीप अवैध हथियार लेकर वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसने सो रही छात्रा पर नजदीक से दो गोलियां दाग दीं। पहली गोली उसके सिर में लगी और दूसरी सीने में जा धंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर भाई की नींद खुली और उसने शोर मचाया। शोर सुनकर बाहर सो रही मां मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उन पर भी हथियार तानकर फायरिंग की, हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी। इसके बाद हमलावर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और छात्रा के बीच पहले से जान-पहचान थी। आरोप है कि युवक ने बहला-फुसलाकर छात्रा के साथ संबंध बनाए और उसके फोटो व वीडियो अपने पास रख लिए। जब कुछ समय बाद छात्रा ने उससे दूरी बनानी शुरू की, तो युवक ने कथित तौर पर 18 दिसंबर 2025 को उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर दीं। इस संबंध में परिजनों की शिकायत पर कलवारी थाने में आईटी एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा था।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस हत्याकांड ने एक बार फिर महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़े मामलों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में घटना के बाद से दहशत का माहौल है, जबकि परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
