Home > प्रदेश > उत्तराखंड > ऑटो चालकों का चक्का जाम आज, ऑटो रिक्शा यूनियन करेगी सचिवालय कूच

ऑटो चालकों का चक्का जाम आज, ऑटो रिक्शा यूनियन करेगी सचिवालय कूच

ऑटो चालकों का चक्का जाम आज, ऑटो रिक्शा यूनियन करेगी सचिवालय कूच

भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले...Editor

भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले दून ऑटो रिक्शा यूनियन अपनी 12 सूत्री मांगों के समर्थन में आज सचिवालय कूच करेगी। इसके अलावा चार घंटे चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। आंदोलन को कांग्रेस, बसपा, आप, उक्रांद समेत कई दलों ने भी समर्थन दिया है। यूनियन से करीब 3400 ऑटो जुड़े हुए हैं, ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

आईएसबीटी परिसर में रविवार को हुई बैठक में यूनियन के अध्यक्ष बालेंद्र तोमर ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस से चलने वाले ऑटो के अलग-अलग माइलेज के चलते एक रेट का मीटर लगाना संभव नहीं है। आरटीओ की ओर ऑटो में मीटर लगाना अनिवार्य किया गया है। ऐसे में ऑटो संचालकों को काफी नुकसान होगा।

इसके विरोध में यूनियन से जुड़े सभी ऑटो चालक सोमवार सुबह 10 बजे परेड ग्राउंड में एकत्र होंगे। इसके बार दोपहर 12:30 बजे सचिवालय कूच किया जाएगा। सचिवालय कूच और चार घंटे के चक्काजाम में भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में 40 ट्रेड यूनियन के हजारों लोग शामिल होंगे। अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। बैठक में महामंत्री मनिंद्र सिंह बिष्ट, बिलाल कुरैशी, इमरान मलिक, कमल रावल, दिनेश शर्मा, हिमांशु तोमर, नौशाद अंसारी, डीपी शर्मा, शमीम अहमद आदि मौजूद रहे।

एक गुट ने चक्काजाम को बताया असंवैधानिक

दून ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध दून ऑटो रिक्शा यूनियन के चक्काजाम को असंवैधानिक बताया है। उनका कहना है कि किराया मीटर केवल ऑटो रिक्शा पर थोपना और नए ऑटो रिक्शाओं का रजिस्ट्रेशन नहीं करने को लेकर शासन से वार्ता चल रही है।

ऑटो रिक्शा की फिटनेस में आने वाली दिक्कतों के लिए यूनियन ने हाईकोर्ट में अपील की है। दूसरा गुट भारतीय मजदूर संघ के कार्यक्रम के जरिए आंदोलन को बड़ा दिखाना चाहता है। यूनियन से जुड़े तमाम ऑटो संचालक खुद चक्काजाम में शामिल नहीं हो रहे हैं। हमारी यूनियन के द्वारा 2324 ऑटो संचालित किए जाते हैं, जनता को किसी भी तरह से परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

अगर हमारी मांगें पूरी नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। दूसरे गुट वाले हमारी यूनियन के लोगों को भड़का रहे हैं। आंदोलन को सफल बनाया जाएगा।

- बालेंद्र तोमर, अध्यक्ष दून ऑटो रिक्शा यूनियन

ऑटो में किराया मीटर अनिवार्य है। इसे लेकर जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मीटर लगने के बाद ऑटो संचालक सवारी से मनमाना किराया नहीं वसूल पाएंगे। इसलिए वह इसका विरोध कर रहे हैं।

- डीसी पठोई, आरटीओ

दून ऑटो रिक्शा यूनियन की मांगें

- फेयर मीटर की अनिवार्यता खत्म की जाए। अलग-अलग फ्यूल के रेट और माइलेज में अंतर के कारण एक रेट का मीटर लगाना सही नहीं है।

- डीजल ऑटो की रिप्लेसमेंट जल्द खोली जाए। देहरादून को छोड़कर प्रदेश में कहीं भी डीजल ऑटो की रिप्लेसमेंट कहीं पर बंद नहीं है।

- ऑटो के परमिट की परिधि 25 से बढ़ाकर 40 किलोमीटर किया जाए या एयरपोर्ट, सहस्त्रधारा, डाट काली मंदिर, हरबर्टपुर एवं कुठालगेट पर जाने की अनुमति दी जाए।

- ऑटो पार्किंग के लिए नगर निगम से 200 स्टैंड स्वीकृत किए जाएं।

- ऑटो का इंश्योरेंस फीस चार से नौ हजार हजार कम किया जाए। इसमें एक्सीडेंटल क्लेम एक से बढ़ाकर पांच लाख किया जाए।

- ओला टैक्सी की लोकल बुकिंग बंद की जाए।

- रेलवे स्टेशन पर ऑटो का पार्किंग शुल्क 1050 से घटाकर पूर्व की तरह 200 रुपये प्रति ऑटो किया जाए।

- ई-रिक्शा और ओला टैक्सी को ऑटो स्टेशनों से सवारी उठाने की अनुमति न दी जाए।

- ई-रिक्शा का संचालन नेशनल हाईवे एवं मुख्य मार्गों से बंद किया जाए। वहीं ई-रिक्शा का किराया 10 रुपये प्रति सवारी की जाए।

- ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन तुरंत बंद किया जाए।

- ई-रिक्शा का वेरिफिकेशन कर व बेच नंबर देकर केवल इनके स्वामी को ही ई-रिक्शा चलाने की अनुमति दी जाए।

- राजधानी के अंदर शाम छह से सुबह छह बजे तक ई-रिक्शा के संचालन पर रोक लगाई जाए।

भारतीय मजदूर संघ की श्रमिक आक्रोश रैली आज

विभिन्न समस्याओं के समर्थन में भारतीय मजदूर संघ श्रमिकों की आक्रोश रैली सोमवार को निकालेगी। संगठन के जिला मंत्री पंकज शर्मा ने बताया कि रैली में पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में लोग हिस्सा लेंगे। सभी श्रमिक सुबह 10 बजे परेड ग्राउंड में एकत्र होंगे। यहां सभा होगी, जिसे राष्ट्रीय महामंत्री बी उपाध्याय, क्षेत्रीय संगठन मंत्री पवन कुमार, प्रांत संगठन मंत्री बृजेश बनकोटी, प्रदेश अध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री शेखरानंद पांडेय संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे रैली सचिवालय की ओर कूच करेगी। रैली में दून ऑटो रिक्शा यूनियन से जुड़े ऑटो चालक और संचालक भी शामिल होंगे।

Tags:    
Share it
Top