यूपी के मुख्यमंत्री योगी अादित्यनाथ का तीन दिवसीय कर्नाटक दौरा आज से

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार से तीन दिन तक कर्नाटक दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा वहां हो रहे विधानसभा चुनावों में प्रचार के मद्दे हो रहा है। इस दौरान वह करीब दर्जन भर चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। पांच मई को दोपहर बाद वह लखनऊ लौटेंगे।
योगी बुधवार को यहां से दिल्ली चले गए। गुरुवार को वह दिल्ली से कर्नाटक जाएंगे। वहां चार मई को वह सिरसी, सागरा, बेलेहोन्नुरू, बेलूर और होनाल्ली की जनसभाओं को संबोधित करने के बाद वहीं के हीरकेल मठ में रात्रि विश्राम करेंगे। शुक्रवार को हलियाला, मुधोल, टेरडाल और धारवाड़ में उनकी सभाएं हैं। धारवाड़ में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार के सेदाम और मालकी में सभा कर वह लखनऊ लौट आएंगे।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश भाजपा के कई पदाधिकारी चुनाव प्रबंधन के लिए पहुंच गए हैं, जबकि योगी सरकार के दो मंत्री वहां पहले से जमे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय का भी वहां जाने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले चरण में तीन और चार मई को कर्नाटक में चुनाव प्रचार करेंगे। स्वतंत्र प्रभार के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और ग्राम्य विकास राज्य मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह वहां चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं।