जालौन में डबल मर्डर, मां व बेटे की नृशंस हत्या

जालौन जिले में आज डबल मर्डर की घटना से शनिवार सुबह सनसनी फैल गई है। उरई में मां व बेटे को धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस मौके पर अब पड़ताल कर रही है।
दरअसल कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बागी में शुक्रवार रात घर में घुसकर अधिवक्ता की पत्नी व पुत्र की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सुबह घटना की जानकारी होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के आला अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे। वारदात का कारण जमीनी रंजिश होने का अंदेशा जताया जा रहा है। संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। अभी तक पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी की बात सार्वजनिक नहीं की है।
ग्राम बागी निवासी अधिवक्ता भगवती प्रसाद उरई में रहकर वकालत करते हैं। बागी में उनकी पत्नी मुन्नी देवी (55) व पुत्र कुलदीप (27) रहते थे। शुक्रवार रात घर में घुसकर मां-बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह खून से लथपथ हालत में दोनों के शव पड़े मिले तो इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय पुलिस के अलावा, कालपी व आटा थाना की फोर्स भी पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने घटनास्थल का मुआयना किया।
मौके के हालात देखते हुए लगता था कि डकैती के लिए घटना अंजाम दी गई है। हालांकि जांच के बाद तथ्य निकलकर सामने आ रहे हैं, उससे पुलिस अनुमान लगा रही है कि रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। डीआइजी सुभाष बघेल ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी का कहना है कि छानबीन की जा रही है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।